सोलर ट्रेनिंग: हुनर सीखें, 'मार्केटिंग मटेरियल' या 'बकरी का चारा' न बनें!
आज सोलर का बाजार जितनी तेजी से बढ़ रहा है, उतनी ही तेजी से 'ट्रेनिंग की दुकानें' भी खुल गई हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक सर्टिफिकेट और एक असली हुनरमंद प्रोफेशनल के बीच क्या फर्क है? यह ब्लॉग उन लोगों के लिए है जो सोलर में अपना भविष्य देख रहे हैं और धोखाधड़ी से बचना चाहते हैं।
1. शिक्षण बनाम प्रशिक्षण (Education vs Training) का फर्क समझें
ज्यादातर लोग पढ़ने और सीखने के बीच के अंतर को नहीं जानते।
- शिक्षण (Education): इसमें आप सिर्फ क्लासरूम में बैठकर थ्योरी पढ़ते हैं, जैसे—सोलर सेल क्या है? यह जानकारी का आधार है।
- प्रशिक्षण (Training): इसका मतलब है अपने हाथों से काम करना। अगर आपने खुद ड्रिल मशीन नहीं चलाई, खुद पैनल माउंट नहीं किया, या खुद इन्वर्टर की सेटिंग नहीं की, तो आपने ट्रेनिंग नहीं ली है।
2. 'पीपीटी (PPT) ट्रेनिंग' और 'गूगल गुरुओं' से सावधान
आजकल बहुत से लोग इंटरनेट से जानकारी निकालकर, शानदार स्लाइड (PPT) बना लेते हैं और खुद को बड़ा ट्रेनर बताने लगते हैं। वे आपसे मोटी फीस तो ले लेते हैं, लेकिन उनके पास खुद की कोई लैब नहीं होती।
- सावधान रहें: फीस देने से पहले ट्रेनिंग सेंटर से उनकी प्रैक्टिकल लैब की असली फोटो और वीडियो मांगें। अगर लैब नहीं होगी, तो वे आपको प्रैक्टिकल कैसे कराएंगे? क्या वे आपको सिर्फ लैपटॉप की स्क्रीन पर सोलर पैनल दिखाएंगे?
3. आप विद्यार्थी हैं, 'मार्केटिंग मटेरियल' नहीं
कई संस्थान आपको 'बकरी का चारा' समझते हैं। वे आपको ट्रेनिंग देने से ज्यादा इस बात में दिलचस्पी रखते हैं कि आपकी फोटो और वीडियो दिखाकर अगले 10 छात्रों को कैसे लुभाया जाए।
- अगर आपकी क्लास में 50-100 लोग हैं, तो आप सीख नहीं रहे, आप सिर्फ भीड़ का हिस्सा हैं।
- अगर ट्रेनिंग सेंटर आपकी पढ़ाई से ज्यादा आपकी 'सफलता की कहानी' (Testimonial) जबरदस्ती रिकॉर्ड करवाने पर जोर दे रहा है, तो समझ जाइये कि आप उनके लिए सिर्फ एक मार्केटिंग टूल हैं।
4. फर्जी रेटिंग और 'खरीदे हुए' रिव्यू का मायाजाल
गूगल पर 5-स्टार रेटिंग देखकर आंखें बंद करके भरोसा न करें। रेटिंग और रिव्यू आजकल खरीदे जा सकते हैं।
- पहचान कैसे करें? पुराने छात्रों के नंबर मांगें और उनसे अकेले में बात करें। पूछें कि क्या उन्हें सच में लैब में काम करने का मौका मिला या सिर्फ कुर्सी पर बिठाकर नोट्स लिखवाए गए?
5. सही ट्रेनर की पहचान कैसे करें?
एक सच्चा ट्रेनर आपको सिर्फ किताबी बातें नहीं बताएगा। वह आपको ग्राउंड रियलिटी, शैडो एनालिसिस और साइट पर आने वाली असल मुश्किलों के बारे में बताएगा। वह आपको शॉर्टकट नहीं, बल्कि क्वालिटी और स्टैंडर्ड्स सिखाएगा।
याद रखें,
प्रशिक्षण वो नहीं जिसमें सिर्फ किताबों का पढ़ाया जाए, प्रशिक्षण वो है जो किताबों की जानकारी को अपने अनुभव से सरल करके सिखाया जाए।
Er. Krishankant
NSDC & NCVT Certified
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें