सोलर वारंटी की गारंटी: हकीकत या उड़ता पंछी?

 अक्सर जब लोग मुझसे पूछते हैं कि, "सर, कौन से मेक (Make) का इन्वर्टर खरीदना चाहिए?" या "कौन सा सोलर मॉड्यूल सबसे अच्छा है?", तो मेरा उन्हें सिर्फ एक ही जवाब होता है:

"आपके लोकल मार्केट में जिस ब्रांड की 'दमदारी' हो, बस वही लीजिए।"

सोलर लगवाने से पहले ब्रांड के नाम या चमक-धमक वाले विज्ञापनों से कहीं ज्यादा जरूरी यह देखना है कि मुसीबत के समय आपके घर पर कौन खड़ा रहेगा। वारंटी के कागज से ज्यादा उस कंपनी का आपके इलाके में मौजूद रहना जरूरी है।


वारंटी की गारंटी: एक मायाजाल?

आज के सोलर मार्केट का हाल कुछ ऐसा है जैसे 'अंधेरे कमरे में निशाना लगाना' जैसा मामला चल रहा हो। हर दूसरी कंपनी वारंटी की 'गारंटी' लेकर घूम रही है, जिसमें न केवल आम ग्राहक बल्कि नए सोलर वेंडर भी बुरी तरह फंस रहे हैं।

असलियत तो तब पता चलती है जब सिस्टम में खराबी आती है और वारंटी क्लेम करने की नौबत आती है। तब शुरू होता है असली खेल:

  • मैन्युफैक्चरर कहता है कि वेंडर ने इंस्टालेशन में गलती की है।

  • वेंडर कहता है कि प्रोडक्ट में ही मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट है।

  • और सबसे बड़ी कड़वी सच्चाई यह है कि जब तक वारंटी की बारी आती है, तब तक कई वेंडर या तो अपनी डीलरशिप/डिस्ट्रीब्यूटरशिप बदल चुके होते हैं या अपनी फर्म ही बंद कर देते हैं। यहाँ तक कि कई मैन्युफैक्चरर भी अपना काम समेट कर गायब हो जाते हैं। ऐसे में न ग्राहक को कुछ मिलता है और न ही वेंडर को।

तो फिर क्या खरीदें? ब्रांड या भरोसा?

सोलर कोई एक-दो दिन की चीज नहीं, यह 25 साल का निवेश है। इसलिए 'नाम' के पीछे भागने के बजाय इन व्यावहारिक बातों पर गौर करें:

  • लोकल स्टेटस (Local Status): किसी भी ब्रांड को चुनने से पहले यह देखें कि आपके स्थानीय क्षेत्र में उसकी साख क्या है। क्या उस कंपनी का वहां कोई मजबूत आधार है?

  • स्थायी वेंडर vs उठाऊगीर: क्या आपका वेंडर 'स्थायी' काम करने वाला प्रोफेशनल है या सिर्फ सीजन देखकर काम शुरू करने वाला 'उठाऊगीर' है? एक अनुभवी और स्थानीय वेंडर हमेशा अपनी साख बचाने के लिए आपको सही सर्विस दिलाएगा।

  • सर्विस सेंटर और टेक्नीशियन: वारंटी कार्ड पर लिखे '25 साल' के अंक से कहीं ज्यादा कीमती वह सर्विस टेक्नीशियन है जो आपके एक फोन पर घर आ सके। जिस कंपनी का लोकल सर्विस सेंटर और टेक्नीशियन आसानी से उपलब्ध हों, वही प्रोडक्ट वास्तव में विश्वसनीय है।

  • उपलब्धता ही असली वारंटी है: जिस कंपनी या ब्रांड का आपके क्षेत्र में टिक कर काम करना तय हो, वही असली भरोसा है। उड़ते पंछी की तरह आने-जाने वाली कंपनियों के लुभावने वादों से सावधान रहें।

निष्कर्ष

सोलर सिस्टम लेना सिर्फ एक प्रोडक्ट खरीदना नहीं, बल्कि एक सर्विस से जुड़ना है। इसलिए अंधेरे में तीर न चलाएं। सिर्फ ब्रांड का नाम न देखें, बल्कि यह देखें कि मुसीबत के वक्त आपके पास कौन उपलब्ध होगा।

याद रखिए, वारंटी का कागज तभी तक काम का है जब तक उसे निभाने वाला आपके शहर में मौजूद है!

Er. Krishankant 

NSDC & NCVT Certified 



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

​खुशखबरी: PM Surya Ghar Yojana में अब 10% एक्स्ट्रा सोलर पैनल (DC) लगाने की मिली छूट!

सोलर मॉड्यूल ग्रेडिंग (A, B, C, D)और इनकी पहचान

सोलर सेल्स में कामयाबी का 'टारगेट 10' फार्मूला: सेल्स और प्रॉफिट बढ़ाने का सीक्रेट